रक्तदान मतदान की तरह सभी को आवश्यक रूप से करना चाहिए
रिपोर्टर : रामकुमार राजपूत
इंदौर । एक यूनिट ब्लड 5 लोगों की जान बचा सकता है। कोरोना महामारी के बाद ये आवश्यकता और बढ़ गई है। रक्तदान से सम्बंधित भ्रांतियों को दूर कर सभी को रक्तदान कर किसी की जान बचाने में अपना सहयोग देना ही चाहिए। रक्तदान रक्त देने वाले को भी स्वस्थ बनाता है जिससे नई रक्त कोशिकाएँ बनती हैं। ये बिना किसी डर के कई बार किया जा सकता है।
उक्त बात महू में हुए रक्तवीर सम्मान में 115 बार से अधिक रक्तदाता दीपक नाइक व फिरोज दाजी द्वारा कही गई।
शहर में ब्लड डोनेट करने वाले सभी रक्तवीरो को प्रेरित करने के उद्देश्य से सामाजिक विचार मंच महू के सानिध्य में और महू की सभी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से दिनांक 25 दिसंबर रविवार को स्थानीय चोपड़ा वाटिका महू में रक्तदान करने वाले 101 रक्तवीरो का सम्मान किया गया, जिसमे प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र के साथ उनको सम्मानित किया गया। विशेष रूप से 132 बार ब्लड डोनेट करने वाले दीपक विभाकर नाइक और 117 बार ब्लड डोनेट करने वाले फिरोज दाज़ी भी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित किये गए। सामाजिक समरसता के स्वरूप में सभी समाज विशेष के व्यक्तित्व को भी सम्मिलित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कैलाश दत्त पांडेय, सरदार मालवीय, राधेश्याम बियानी, बद्री लाल पाटीदार, डॉ एचआर वर्मा, डॉ शोभा जैन, डॉ रामपाल वर्मा, डॉ अनिमेष श्रीवास्तव, राजीव खनूजा, दिनेश सोलंकी, विनोद जायसवाल, सुरेश यादव, राजेन्द्र श्रीवास, दिनेश सिंह चौहान आदि थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रमोद श्रीवास एवं डॉ निधि श्रीवास्तव द्वारा किया गया। संस्था के सामाजिक कार्यों की जानकारी डॉ अनुपम श्रीवास्तव द्वारा एवं आभार प्रदर्शन मनीष श्रीवास्तव द्वारा किया गया।



