सरकार की विकास यात्रा के बीच व्यापारी एसोसिएशन ने किया धरना प्रदर्शन
रिपोर्टर : आशीष रजक
उदयपुरा। उदयपुरा विधानसभा में सरकार की विकास यात्रा चल रही है इसी बीच उदयपुरा बिजली ऑफिस से बोरास रोड उदयपुरा तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत को लेकर लेकर व्यापार एसोसिएशन उदयपुरा अध्यक्ष गिरधारीलाल जैन एवं समस्त पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उदयपुरा तहसीलदार को ज्ञापन सौंप किया धरना प्रदर्शन।
व्यापारियों ने कहा कि जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए, नहीं तो आने वाले दिनों में हम लोग अब उग्र प्रदर्शन करेंगे।
व्यापारियों ने कहा कि पिछले कई वर्षो से मार्ग की जर्जर हालत बनी हुई है। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक हम लोगों की समस्या को दूर करने के लिए कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया है। मार्ग की जर्जर हालत होने के कारण दुकानों के अंदर हर रोज गंदा पानी जा रहा है, जिससे सामान खराब हो रहा है। इसके साथ साथ इस मार्ग से गुजरने वाले हर व्यक्ति को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त मार्ग की हालत दिनों-दिन जर्जर होती जा रही है। इससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द से जल्द मार्ग को बेहतर न किया गया तो आने वाले दिनों में जिला मुख्यालय में आकर प्रदर्शन होगा।
मार्ग जगह-जगह से जर्जर हो जाने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को परेशान होना पड़ता है। वाहन चालकों का कहना है कि मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाने से गन्तव्य तक पहुंचने में निर्घारित से अधिक समय लगता है।
आज स्थिति यह है कि इस रोड पर डामर का नामोनिशान नहीं है वहीं मार्ग की साइडे भी कट गई और पूरे रोड पर चार चार फीट के गड्ढे हो चुके हैं। ऎसे में वाहन चालकों को आवाजाही में तो परेशानी हो रही है वहीं वाहनों में टूट फूट से आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। रोड पर जगह-जगह फैली गिट्टी से वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।




