CM Rise School के तीन शिक्षको की मौत : बाइक से लौट रहे शिक्षको को कार ने कुचला

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
मुरैना | एमपी के मुरैना जिले की पोरसा तहसील के नगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ओरेठी गांव के पास बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में सीएम राइज स्कूल से घर के लिए लौट रहे बाइक पर सवार तीन शिक्षकों को एक कार ने कुचल डाला। घटना में दो शिक्षकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल शिक्षक को ग्वालियर के लिए रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसका चालक फरार बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम नगरा थाना क्षेत्र के रजोधा गांव में स्थित शासकीय सीएम राइज स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक शिवकुमार तोमर जनकपुर रजोधा, कृष्ण बिहारी चौबे निवासी कोथर कलां और शिक्षक दीनदयाल त्यागी निवासी धौलपुर राजस्थान बुधवार की शाम स्कूल बंद होने के बाद एक मोटर साइकिल पर सवार होकर पोरसा के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी बाइक ओरेठी गांव के पास पहुंची तो तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार क्रमांक यूपी 93 एके 9292 के चालक ने बाइक में सामने से जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक दीनदयाल त्यागी और अतिथि शिक्षक कृष्ण बिहारी चौबे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक अतिथि शिक्षक शिव कुमार तोमर गंभीर घायल को ग्वालियर अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
घटना देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पोरसा अस्पताल भेजा है। पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध दुर्घटना हत्या का मामला दर्ज किया है।



