सत्ता के नशे में चूर ढीमरखेड़ा जनपद उपाध्यक्ष और पति ने कर्मचारियों से की गुण्डागर्दी
दुर्गा एवं पारस पटेल की कार्यप्रणाली से आक्रोषित हुये जनपद के कर्मचारी, कार्यवाही के लिये जिपं सीईओ को पत्र प्रेषित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । 15 अगस्त की सुबह सभी जगहों पर झंडा वंदन का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जा रहा था तो वहीं दूसरी ओर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा कार्यालय में एक ऐसी घटना घटित हुई है जिसकी चंहुओर निंदा की जा रही है और सत्ता के नशे में चूर जनपद उपाध्यक्ष और पति के द्वारा खुलेआम कर्मचारियों को अपशब्दों का उपयोग कर अपमानजनक बातें कहीं गई जो अत्यंत ही अपमानित करने वाली थी।
मिली जानकारी के अनुसार झंडा वंदन कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष दुर्गा पटेल एवं उनके पति पारस पटेल उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के बाद कार्यालय के बाहर निकलकर चैनल गेट के सामने पारस पटेल एवं उनकी पत्नी के द्वारा जनपद पंचायत के लिपिक जे.एस.राजपूत के समक्ष कार्यालय के कर्मचारियों को गाली-गलौच तथा चप्पल मारने जैसे असंसदीय एवं अपमानजनक शब्दों का उपयोग किया गया। इस दौरान स्थानीय मीडिया के संवाददाता भी मौके पर उपस्थित रहे ।
स्मरण रहे कि जिस तरह से 15 अगस्त के पावन अवसर के दौरान जनपद उपाध्यक्ष दुर्गा पटेल और उसके पति पारस पटैल के द्वारा योजनाबद्ध तरीके से अपमानजनक शब्दों का उपयोग कर चप्पल मारने जैसी बातें कहीं गई जिससे कर्मचारियों अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे है और कर्मचारियों के द्वारा दोनों के विरूद्ध कार्यवाही के लिये जनपद सीईओ को सभी कर्मचारी तथा मौके पर उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर युक्त एक शिकायत पत्र भी सौंपा गया है। लिहाजा अग्रिम कार्यवाही हेतु जनपद पंचायत सीईओ के द्वारा जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत को पत्र प्रेषित कर घटना के अनुक्रम में कठोर कार्यवाही किये जाने संबंधी मांग की गई है । जिससे भविष्य में इस तरह की अशोभनीय घटना जनपद पंचायत कार्यालय में घटित न हो । उक्त घटना से जहां कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है वहीं दूसरी ओर जिस तरह से अपमानजन शब्दों का उपयोग जनपद उपाध्यक्ष एवं उसके पति के द्वारा किया गया है वह विधि विरूद्ध कार्य की श्रेणी में आता है । सूत्रों ने बताया कि कुछ तथाकथित नेताओं के इशारे पर जनपद उपाध्यक्ष एवं उसके पति के द्वारा घटना कारित की गई है जो जानबूझकर है और क्षम्य योग्य नहीं है ।



