पाइप से भरे खड़े ट्रक में अचानक लगी आग
गुजरात से पाइप भरकर सागर जा रहा था ट्रक
रायसेन । शुक्रवार रात करीब नौ बजे भोपाल- विदिशा बायपास रोड स्थित एक ढाबे के सामने पाइप से भरे खड़े ट्रक में अचानक आग लग गई। जिससे ट्रक का केबिन पूरी तरह से जल गया, इस दौरान दमकल ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार ट्रक गुजरात से बीड़ के पाइप भरकर रायसेन-विदिशा-भोपाल बायपास होते हुए सागर जा रहा था। तभी ट्रक ड्रायवर बायपास रोड के एक ढाबे पर भोजन करने रुक गया। इसी दौरान अचानक ट्रक के केबिन में आग की लपटें उठने लगी। तब ड्रायवर और क्लीनर देखकर घबरा गए और अफरा- तफरी मच गई। तत्काल दमकल और पुलिस को सूचना दी गई। आग से ट्रक का स्टेयरिंग, सीट सहित पूरा केबिन जल गया। हालांकि फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, अन्यथा बड़ी हानि हो सकती थी। इस दौरान घटना स्थल पर पुलिस भी पहुंची और बारीकी से जायजा लिया।



