योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभ से प्रदेश का कोई भी वर्ग वंचित न रहे : रामपाल सिंह
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने वीडियो कॉल से ग्रामीण जनों को किया संबोधित
ग्राम पंचायतों में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
शिविर लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही वितरित किए जा रहे योजनाओं के हितलाभ
सिलवानी। प्रदेश के साथ ही सिलवानी विकासखंड में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंच रही है। इस दौरान संबंधी ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही हितग्राहियों को योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए जा रहे हैं। रविवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा सिलवानी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत बेगवा कला तथा चिचोली पहुंची। यहां पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से ग्रामीण जनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में देश व प्रदेश में ओर बेहतर कार्य हो तथा प्रत्येक ज़रूरतमंद शख़्स को शासन की योजनाओं का लाभ मिले, इस मक़सद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से जनकल्याण की योजनाओं और कार्यक्रमों का अधिक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रयास किया जा रहा है कि इन योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभ से देश का कोई भी वर्ग वंचित न रहे।
शिविरों के प्रारंभ में जनप्रतिनिधियों द्वारा आईईसी वैन (प्रचार रथों) का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके उपरांत शिविरों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। शिविरों में विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गये। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आधार कार्ड अपग्रेड के लिए कैम्प आयोजित किए जा रहे है। खाद्य विभाग द्वारा उज्जवला योजना के नए पंजीयन, पशुपालक, मछुआरे के क्रेडिट कार्ड के लिए नए आवेदन लिए जा रहे है, जन धन जीवन ज्योति योजना के नए आवेदन, कृषि विभाग द्वारा केसीसी उन्नत कृषि यंत्र, पीएचई विभाग नल जल योजना, राजस्व विभाग द्वारा पीएम किसान निधि एवं स्वामित्व योजना के साथ अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों के समक्ष ड्रोन के माध्यम से खेतों में उर्वरकों के छिड़काव का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच कांत यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश राय, मोहन साहू,जनपद पंचायत सीईओ नीलम रायकवार, मनरेगा एसडीओ सुशील गोयल सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी गण उपस्थित रहे।



