क्राइम

बारात में डांस को लेकर युवक की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सलामतपुर पुलिस को 24 घंटे के अंदर ही मिली बड़ी सफलता
रिपोर्टर : नसीम अली
सलामतपुर । बारात में नाचते समय धक्का-मुक्की में हुए हत्याकांड के दोनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर पकडने में सलामतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गौरतलब हो कि सोमवार रात्रि में दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा पर नटेरन जिला विदिशा से आई दूल्हा यशपाल अहिरवार की बारात लग रही थी। जिसमें डीजे की धुन पर बाराती डांस कर रहे थे। उसी दौरान दुल्हन पक्ष के लोग भी शामिल होकर डांस करने लगे। इसी बीच दूल्हा पक्ष के लोगों को धक्का लग गया और इस बात पर दुल्हन पक्ष के लोगों और बारातियों के बीच मारपीट हो गई।
इस विवाद में दो युवक संजू अहिरवार पिता गणेशराम अहिरवार उम्र 20 वर्ष निवासी बडनपुर रातातलाई और विशाल अहिरवार पित पप्पू अहिरवार उम्र 21 वर्ष निवासी कालीटोर पिपरई ने चाकू निकालकर बारातियों पर हमला कर दिया। जिससे दूल्हे के मौसी के लडके ओमप्रकाश अहिरवार की मौत हो गई थी। जबकि तीन अन्य बाराती दशरथ, अजय और शिवराज घायल हो गए थे। जिन्हें भोपाल रैफर किया गया और वहां उनका उपचार चल रहा है।
युवक ओमप्रकाश की मौत होने के बाद सलामतपुर पुलिस ने दोनों आरोपी संजू अहिरवार और विशाल अहिरवार के खिलाफ 302, 307, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक संजू अहिरवार दुल्हन गंगा अहिरवार के बुआ का लड़का है।
एक आरोपी को घर और दूसरे को जंगल से किया गिरफ्तार
हत्या के दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भागकर छुप गए थे। पुलिस ने एक आरोपी संजू अहिरवार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। जबकि आरोपी संजू घर में बाहर से ताला डालकर अंदर छुप गया था। पुलिस को शक हुआ तो घर की दीवार फांदकर अंदर घुसी जहां पर संजू अहिरवार छुपा हुआ मिल गया। वहीं दूसरा आरोपी विशाल अहिरवार कालीटोर के जंगल में छुप गया था, जहां से पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों को बुधवार के दिन रायसेन न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश न्यायालय द्वारा दिए गए है। इस प्रकरण में एसडीओपी रायसेन प्रतिभा शर्मा एवं थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी द्वारा पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरु की गई। जिसमें शामिल एसआई रघुवीर सिंह दांगी चौकी प्रभारी दीवानगंज, प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव, जितेंद्र वर्मा, दिलीप यादव, संजय लौवंशी, हेत सिंह मीणा, दिलीप रघुवंशी, गणेश रघुवंशी, सुनील लोधी, आरक्षक रोहित गोस्वामी, सूरज वर्मा, जितेंद्र शर्मा, रविन्द्र रघुवंशी, सौरभ, राहुल, रामकरण शर्मा, रंजीत धाकड़, राजू चौहान, सैनिक संजीव यादव की भूमिका रही।
इस संबंध में दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुरका कहना है कि इस विवाद में ओमप्रकाश अहिरवार की हत्या के दोनों आरोपियों संजू अहिरवार और विशाल अहिरवार को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।

Related Articles

Back to top button