क्राइम

ससुराल से लौट रहे युवक की गला रेतकर हत्या

मौ थाना क्षेत्र के चिरौल गांव में नहर के पास हुई वारदात
भिण्ड। एमपी के भिण्ड जिले के मेहगांव रोड पर चिरौल गांव में नहर के पास अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपियों ने चाकू से भी युवक के सीने में तीन से चार वार किए। वारदात बुधवार सुबह 8.15 बजे की है।सूचना मिलते ही एसपी डॉ असित यादव चिरौल पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव को पोस्ट मार्टम के लिए मौ अस्पताल पहुंचाया। हत्या की गुत्थी सुलझाने एसपी ने चार टीमें गठित की हैं जो संदिग्धों से पूछताछ कर प्रत्येक पहलू पर बारीकी से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
पत्नी को लेने गया था मृतक 33 वर्षीय पंकज पुत्र विशाल सिंह भदौरिया निवासी रूपसहाय का पुरा हाल समीर नगर भिण्ड गुहिसर गांव में अपनी पत्नी को लेने गया था। बुधवार सुबह 8 बजे जब पत्नी ने आने से मना कर दिया, तब पंकज बाइक से अकेला ही भिण्ड के लिए रवाना हो गया। मेहगांव रोड पर चिरौल गांव के पास नहर पर पहुंचा तो कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार और चाकू से उस पर हमला कर दिया। चाकू लगने से लहूलुहान पंकज जान बचाने के लिए कुछ कदम दौड़ा, लेकिन बदमाशों ने उसका गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। बाइक से पांच फीट दूरी पर उसका शव और कुछ दूरी पर टोपी मिली है। जिस धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया, वह भी मृतक के शव के पास ही मिला है।
पहली पत्नी ने किया था सुसाइड
पंकज समीर नगर में किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। उसकी दूसरी शादी एक वर्ष पूर्व गुहिसर में सामंत सिंह तोमर की बेटी से हुई है। पंकज की पहली पत्नी ने सुसाइड किया था, जिससे उस पर दो बेटा एक बेटी है। वहीं दूसरी पत्नी की भी यह दूसरी शादी थी। पुलिस के शक की सुई ससुरालवालों पर घूम रही है। ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए देर शाम थाने में भी बुलाया है। वहीं मृतक के ससुर ने एसपी को पूरी घटना बताते स्पष्ट किया है कि उसकी बेटी और दामाद के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था।
इस संबंध में डॉ असित यादव, एसपी, भिण्ड का कहना है कि ससुराल से लौट रहे युवक की अज्ञात बदमाशों ने घेरकर धारदार हथियार से हत्या की है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को बक्शा नहीं जाएगा। टीमें लगी हैं, मैंने खुद घटना का निरीक्षण किया है। शीघ्र आरोपियों को पकड़कर खुलासा करेंगे।

Related Articles

Back to top button