देवर ने की कुल्हाड़ी मारकर भाभी की हत्या, खुद को किया थाने जाकर सरेंडर

आरोपी देवर कहा- पड़ोसन के साथ जाने से किया था मना, नहीं मानी तो मार डाला
पन्ना । एमपी के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक देवर ने अपनी भाभी को पड़ोसन के साथ बकरी चराने जाने से मना किया। जब भाभी नहीं मानी तो दोनों में विवाद हुआ और गुस्साए देवर ने कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। खून से रंगी कुल्हाड़ी लेकर खुद थाने अपने आप को सरेंडर करने पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजयगढ़ थाना क्षेत्र के बारा कगरे गांव में देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि कलही केवट उम्र 45 वर्ष अपनी पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ बकरी चराने जंगल जाती थी। जो उसके देवर को नागवार गुजरा। जिसको लेकर देवर राजाराम केवट ने भाभी से पड़ोसन के साथ बकरी चराने जाने से मना किया।
जब भाभी नहीं मानी तो इसी बात को लेकर शुक्रवार की दोपहर में मृतिका और उसके देवर के बीच विवाद हो गया। जब शाम को भाभी बकरी चराकर घर वापस आ रही थी। तभी रास्ते में गुस्साए देवर ने अपनी भाभी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर अजयगढ़ थाने पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी मृतिका के लड़के को दी और घटना स्थल पर पहुंचकर शव को बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई उपरांत शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहां शनिवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मृतिका का पुत्र हरिराम केवट ने बताया कि चाचा ने मम्मी को कुल्हाड़ी से काटा और जंगल में ही छोड़ अजयगढ़ भाग गया था। पुलिस ने हमें जानकारी दी थी।



