नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत, नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे
घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने जताया शोक
पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश
गंजबासौदा । एमपी के विदिशा जिले से बड़ी दर्दनाक खबर सामने आई है। गंजबासौदा के महोली गांव में तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई है। घटना सुनारी ग्राम के पास केवटन नदी की है। तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतक बच्चों की पहचान ऋषि उम्र 14 वर्ष, कृष्णा उम्र 15 वर्ष, और उत्तम उम्र 15 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम महोली के रहने वाले थे। वहीं इस घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर ट्वीट कर दुःख जताया है। वहीं इधर घटना के बाद प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे नहाने के लिए आए हुए थे। एनडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तीनों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चे नदी के सुनारी घाट के किनारे पर नहा रहे थे। लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यहां इतनी गहराई है। वे जैसे ही नहाने उतरे गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर गंजबासौदा एसडीएम विजय राय, एसडीओपी मनोज मिश्रा, तहसीलदार संजीव राय सहित अन्य अफसर भी मौके पर पहुंचे। दो से तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद तीनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। इधर इस घटना से परिवार समेत पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन ने घटना पर जताया दु:ख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने X पर ट्वीट करते हुए लिखा कि विदिशा जिले की गंजबासौदा तहसील में क्यूटन नदी में नहाने गए तीन मासूम बच्चों के डूबने से मृत्यु के दुःखद समाचार से मन व्यथित है। परमपिता परमेश्वर से दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। राज्य शासन की ओर से पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। दुःख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।ॐ शांति।।




