पीएम मोदी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना पड़ा नपा कर्मचारी को भारी
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली । रायसेन जिले की बरेली नगर परिषद का मामला आया सामने, सोशल मीडिया पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध बरेली नगर परिषद में पदस्थ लाइनमैन राधेश्याम रघुवंशी को पोस्ट करने पर भर्ती नियम 1968 का उल्लंघन करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को मामला जब संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल इस मामले में राधेश्याम रघुवंशी पर कार्रवाई करने के निर्देश नगर परिषद को दिए।
आपको बता दें कि नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी के निर्देशन पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिशंकर वर्मा द्वारा राधेश्याम रघुवंशी को उनके पद से निलंबित कर दिया गया । बताया जा रहा है कि 24 सितंबर को और इससे पूर्व भी लिखित एवं मौखिक रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से राधेश्याम रघुवंशी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के रूप में सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी इस मामले को लेकर भाजपा नगर मंडल ने लाइनमैन राधेश्याम रघुवंशी द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट कर गलत जानकारी फैलाने को लेकर थाने में लिखित शिकायत की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक राजपुत के नेतृत्व में की गई शिकायत में कहा गया है कि राधेश्याम रघुवंशी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। जिससे प्रधानमंत्री की छवि खराब हो रही है। इस आपत्तिजनक पोस्ट के लिए राधेश्याम रघुवंशी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।
इस ज्ञापन के बाद नगर परिषद अध्यक्ष के निर्देशन से नगर परिषद अधिकारी द्वारा यह निर्णय लिया गया तथा आदेश क्रमांक 2487 द्वारा 1 अक्टूबर 2024 को निलम्बन का आदेश जारी किया गया।
बरेली नगर परिषद के सीएमओ हरिशंकर वर्मा से जब इस मामले को लेकर जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही पोस्टों के विषय में जब चर्चाएं सुनी तो हमने राधेश्याम रघुवंशी की प्रोफाइल चेक की जिसमें पोस्ट पाई गई और इन पोस्टों के आधार पर हमने उन्हें भर्ती प्रक्रिया 1968 के उल्लंघन में निलंबन का आदेश जारी किया नगर परिषद सीएमओ का कहना यह भी था कि जो भी शासकीय कर्मचारी हैं उनको अपने काम पर ध्यान देकर जिम्मेदारी से काम करना चाहिए अतः ऐसी गतिविधियों से दूर रहकर भर्ती नियम का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री चंद्र प्रकाश मेहरा, उपाध्यक्ष हरिचरण वरिवा, मंत्री दिलीप गौर, अरविंद शर्मा, शारदा सराठे मौजूद रहे।



