पूर्व मंत्री पुत्र, नपाध्यक्ष महाआरती में हुए सम्मिलित

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । हनुमान बाग मंदिर में चल रही नौ दिवसीय देवी महापुराण कथा में नवम दिन में पूर्व मंत्री रामपालसिंह के ज्येष्ठ पुत्र दुर्गेश सिंह राजपूत एवं नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी सहित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने महा आरती में भाग लेकर मातारानी की पूजा- अर्चना के साथ आरती उतारी ओर महाप्रसाद वितरण में भाग लिया ।
कथा के आज विश्राम दिन में पुराण मनीषी कमलेश कृष्ण शास्त्री ने कहा कि प्रकृति हमें दूसरों के लिए कार्य करना सिखाती है। पेड़ हमारे लिए फल देते हैं। नदियाँ हमें जल देती हैं। सूर्य हमें गर्मी और प्रकाश देता है, इत्यादि। वे बदले में कुछ भी नहीं चाहते हैं। सूर्य अपनी गर्मी के बदले में हमसे कुछ नहीं मांगता है। इसी तरह, नदी हमसे हमारे द्वारा प्रयोग किए गए पानी के बदले में कुछ भी नहीं चाहती। हमारे साथ भी ऐसा ही है। यदि हम दूसरों के लिए कुछ अच्छा करते हैं, तो उसे उनसे कुछ भी अपेक्षा किए बिना संतोष के स्रोत के रूप में करें। कृतज्ञता की भी अपेक्षा न करें। हम अपने आनन्द के लिए सर्वश्रेष्ठ करते हैं, उन्हें संतुष्ट करने के लिए नहीं। हमारी अपेक्षाएँ हमारे लिए दुःख का प्रमुख कारण हो सकती है । आपकी करुणा और स्नेह आपको सबसे अच्छे रूप में प्रत्यागत प्राप्त होगा। ऐसे लोग सम्मान और प्रेम की प्रतिमूर्ति बन जाते हैं। आइये हम भी अभावग्रस्त दरिद्र निर्धन जनों की सेवा करके आनन्द और शान्ति की ओर बढ़ें। हमें दीन- दुखियों की सहायता करनी चाहिए और ऐसा करने से हमारे जीवन में शान्ति आती है। यही जीवन का समीकरण है – दूसरों की हर सम्भव पद्धति से सहायता करना और अपने जीवन में सद्भाव और शान्ति लाना।



