दिसम्बर माह का राशन नहीं मिलने से ग्रामवासियों ने किया हंगामा

पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ हंगामा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान घुघरी के सेल्समैन जितेन्द्र पटेल के द्वारा दिसम्बर माह का राशन नहीं दिए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने जनवरी माह का राशन लेने से इनकार कर दिया। साथ ही कार्ड धारियों ने जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी अनुसार शासकीय उचित मूल्य दुकान घुघरी में राशन बंटवारे के दौरान ग्रामवासियों और सेल्समैन के बीच माह दिसम्बर एवं जनवरी के खाद्यान्न बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई । विवाद को बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय अपने पुलिस बल के साथ घुघरी ग्राम पहुंचकर ग्रामवासियों को समझाइश देकर विवाद को शांत करना चाहा लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। विवाद को बढ़ता देख उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को हंगामा की सूचना दी। स्लीमनाबाद एसडीओपी अखिलेश गौर एवं ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी मोहम्द शाहिद खान, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सहित पुलिस बल ने मोर्चा को संभालते हुए स्थिति को कंट्रोल में किया। उपभोक्ताओं ने बताया कि सेल्समैन जितेन्द्र पटेल ने पोस मशीन में अंगूठा तो लगवा लिया लेकिन दिसम्बर माह का राशन नहीं दिया गया था । बुधवार को राशन वितरण के दौरान राशन लेने आए उपभोक्ताओं को जनवरी माह का राशन दिया जा रहा है। जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने हंगामा किया था। एसडीओपी अखिलेश गौर ने उपभोक्ताओं की शिकायत पर पंचनामा बनाकर सहकारिता विभाग को देने की बात कही। इस दौरान तहसीलदार अजय मिश्रा, एसडीओपी अखिलेश गौर, ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी मोहम्द शाहिद खान, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।



