कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जबेरा को कारण बताओ सूचना पत्र किया जारी
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा । जनपद पंचायत जबेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामेश्वर प्रसाद पटेल द्वारा शिकायतों के निराकरण निर्धारित समय-सीमा में न किए जाने के कारण शिकायतें अनिराकृत रहकर उच्च स्तर पर पहुंचने से जिले की ग्रेडिंग पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है, जिससे राज्य स्तर पर जिले की छवि धूमिल होती है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामेश्वर प्रसाद पटेल का उपरोक्त कृत्य सीएम हेल्पलाइन के प्रति उदासीनता एवं आपकी स्वेच्छाचारिता को स्पष्ट रुप से व्यक्त करता है जो म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन मानते हुये कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुये कहा है कि कारण बताए कि क्यों न आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाये। इस विषय में अपना उत्तर 3 दिवस में प्रस्तुत करें, अन्यथा की दशा मे आपके विरूद्ध एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी, जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा लगातार संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि समस्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में अटेण्ड करते हुए निराकरण प्रतिवेदन दर्ज किया जाये। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अनिराकृत हो रही शिकायतों की समीक्षा की गई जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जबेरा रामेश्वर प्रसाद पटेल द्वारा विगत 6 माहों (जुलाई 2024 से दिसम्बर 2024 तक) में लगातार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों में निर्धारित समय अवधि में निराकरण प्रतिवेदन दर्ज नहीं किये गये है, जिससे उक्त शिकायतें अनिराकृत होकर उच्च स्तर पर पहुँची गई है।



