रुके हुए विकास कार्यों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश, कलेक्टर ने पलेरा में की जनसुनवाई

रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा । कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा मंगलवार को पलेरा तहसील में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान विशेष रूप से उन विकास कार्यों पर चर्चा की गई जो किसी न किसी कारणवश रुके हुए है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से श्मशान घाट का निर्माण, ऑडिटोरियम हेतु भूमि की व्यवस्था, गीता भवन के लिए भूमि आवंटन तथा हॉकर्स जोन से संबंधित विषय प्रमुख रूप से सामने आए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के आवंटन से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। विवेक श्रोत्रिय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से भूमि संबंधी मुद्दों का समाधान करने की बात कही। साथ ही उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर नगर परिषद पलेरा अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा, पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद पलेरा सुनील खटीक, अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, जनपद पंचायत सीईओ सिद्धगोपाल वर्मा, सीएमओ नगर परिषद पलेरा, शिवि उपाध्याय, तहसीलदार श्रीपत अहिरवार एवं कुलदीप सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।



