धूमधाम से मनाया जाएगा श्री गणेश उत्सव, मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार

सिलवानी। आगामी 27 अगस्त, बुधवार को श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नगर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ 10 दिवसीय गणेश उत्सव की भव्य शुरुआत होगी। इस अवसर को लेकर नगर सहित क्षेत्र के गांव-गांव में धार्मिक उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है। खासकर बच्चों और युवाओं में श्री गणेश उत्सव को लेकर विशेष उमंग देखने को मिल रही है।
प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी नगर एवं आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्र में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विविध एवं आकर्षक आकृतियों में स्थापित की जाएंगी। इन पंडालों में 10 दिनों तक विधिवत पूजा-अर्चना, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रसादी वितरण जैसे आयोजन होंगे।
मूर्ति निर्माण जोरों पर, कीमत 200 से 20,000 तक
गणेश उत्सव की तैयारियों के मद्देनज़र मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। नगर में 200 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक की आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इस बार मूर्तिकारों ने पारंपरिक शैली के साथ आधुनिक कलात्मकता का भी समावेश किया है। भगवान गणेश की प्रतिमाएं चूहे पर सवार, डमरू के साथ, शंकर-पार्वती संग, हनुमान जी के साथ, झूले पर बैठे हुए या नृत्य मुद्रा में विशेष रूप से सजाई गई हैं, जो आमजन को अत्यंत आकर्षित कर रही हैं।
*पंडालों को दिया जा रहा अंतिम रूप*
नगर के विभिन्न मोहल्लों में श्री गणेश उत्सव समितियों द्वारा भव्य पंडालों का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। समिति सदस्य पंडालों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। नगर के उदयपुर रोड सहित कई स्थानों पर मूर्तिकार एवं कलाकार दिन-रात जुटे हुए हैं ताकि समय पर प्रतिमाएं सज-धजकर तैयार हो जाएं। नगर और ग्रामीण अंचलों में इस बार गणेश उत्सव को और अधिक भव्य एवं सुसंगठित ढंग से मनाने की तैयारी है। श्रद्धालुजन पूरे उत्साह के साथ इस पर्व में भागीदारी कर भगवान श्री गणेश की आराधना करेंगे।



