धार्मिकमध्य प्रदेश

गणेशोत्सव की भक्ति में डूबा सिलवानी नगर, घर-घर विराजे विघ्नहर्ता श्रीगणेश


सरस्वती नगर की भव्य झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
सिलवानी। नगर में गणेशोत्सव की धूम इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। चौराहों, गलियों से लेकर प्रत्येक मोहल्ले और घरों तक श्रीगणेश के जयकारे गूंज रहे हैं। रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं बड़ी श्रद्धा के साथ स्थापित की गई हैं। विशेष पूजन-अर्चन और धार्मिक आयोजनों के साथ नगर में भक्ति की अनुपम छटा बिखर रही है।
सैकड़ों घरों और दर्जनों सार्वजनिक स्थलों पर श्रीगणेश की प्रतिमाएं विराजमान हैं। छोटे-बड़े पंडालों में भगवान गणेश की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। नगर की सड़कों, गलियों और मोहल्लों को रंग-बिरंगी विद्युत साज-सज्जा से सजाया गया है, जिससे संपूर्ण नगर दूधिया रोशनी में नहाया हुआ नजर आ रहा है। संध्याकालीन आरती के समय सम्पूर्ण वातावरण धर्ममय हो उठता है और भक्तिमय संकीर्तन से नगर गूंजने लगता है।
*झांकियों में दिखाई दे रही है धार्मिक आस्था की झलक*
गणेश समितियों द्वारा आकर्षक विद्युत सज्जा से युक्त झांकियां बनाई गई हैं, जहां प्रतिदिन संध्या को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों और युवाओं ने गली-मोहल्लों में विशेष पंडाल बनाकर छोटी-छोटी झांकियां सजाई हैं, जिनमें श्रीगणेश की प्रतिमाएं श्रद्धा से विराजित हैं। पूजा-अर्चना और आरती का क्रम लगातार जारी है। क्षेत्रवासियों द्वारा दिनभर विघ्नहर्ता की आराधना की जा रही है।
*सरस्वती नगर की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र*
वार्ड क्रमांक 14 स्थित सरस्वती नगर, पुष्पा विद्यालय के सामने आर्यांस ग्रुप द्वारा स्थापित की गई विशाल श्रीगणेश प्रतिमा नगर का मुख्य आकर्षण बनी हुई है। इस झांकी की भव्यता, उत्कृष्ट सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों के चलते प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक आयोजन इस झांकी की शोभा को और बढ़ा रहे हैं।
*नगर के प्रमुख स्थल भी रोशन*
सरस्वती नगर के अलावा शिवाजी नगर, तहसील प्रांगण, एक्सचेंज ऑफिस, बीजासन माता मंदिर, प्राचीन श्री राम मंदिर सहित नगर के अनेक वार्डों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। हर झांकी स्थल पर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारों के साथ भक्ति में लीन हैं।
गणेश उत्सव की भक्ति की यह लहर आगामी दिनों तक नगर में इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ बनी रहेगी।

Related Articles

Back to top button