खेल

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सिलवानी में आयोजित हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता

सिलवानी। राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अंतर्गत सिलवानी विकासखंड के ग्रामीण युवा केंद्र, अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 30 अगस्त को द्वितीय दिवस की खेल गतिविधियों के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “1 घंटे खेल के मैदान में” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के खेल अधिकारी मुस्तकीम अहमद, पीटीआई मोहम्मद तारिक, संदीपनी स्कूल शिक्षक विजय कुमार सोनी एवं सतीश साहू भी उपस्थित रहे।
शिक्षक विजय कुमार सोनी ने खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद की जीवन यात्रा और राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता का संचालन कोच योगेश कुलकर्णी एवं शशांक जैन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वयक कमलेश जाटव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।

Related Articles

Back to top button