कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने किया सिलवानी तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण

राजस्व प्रकरणों की गुणवत्ता की जांच, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सिलवानी। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने गुरुवार को सिलवानी तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न न्यायालयों और शाखाओं का गहन अवलोकन कर राजस्व कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निस्तारित पुराने राजस्व प्रकरणों की फाइलें मंगवाकर उनके निर्णयों का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने इन प्रकरणों के निराकरण की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा निराकरण पूर्ण रूप से तथ्यों पर आधारित और पारदर्शी होना चाहिए।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में संधारित राजस्व अभिलेखों, विशेष रूप से वर्तमान खसरों की भी जांच की और उनके व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आदेशित किया कि रिकॉर्डों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में उपस्थित आवेदकों से भी चर्चा की और उनके प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालय सहित माल जमादार कार्यालय, कानूनगो शाखा, नजारत शाखा और निर्वाचन शाखा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, फाइलों के संधारण, एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम हर्षल चौधरी एवं तहसीलदार सुधीर शुक्ला भी मौजूद रहे।



