एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत ग्राम जूनिया में पौधारोपण

“सिलवानी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् विकासखंड सिलवानी के अंतर्गत नवांकुर संस्था सत्यार्थ वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु चलाए जा रहे अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत ग्राम जुनिया के राजीव नगर कॉलोनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कुल 5 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें 3 कटहल, 1 आँवला एवं 1 सतपर्णी का पौधा शामिल था। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण को संरक्षित करना था, बल्कि समाज में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता भी फैलाना रहा।
पौधारोपण कार्यक्रम में सत्यार्थ वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक, विद्यालय के शिक्षक सतीश साहू, पवन रघुवंशी, प्रभात सैनी तथा ब्लॉक समन्वयक वीरेन्द्र यादव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। संस्था द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों को जारी रखने की बात कही गई।



