कृषिमध्य प्रदेश

किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। भारतीय किसान संघ, मध्य प्रदेश इकाई सिलवानी द्वारा क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार सुधीर शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण सोयाबीन, उड़द, मक्का, तुअर आदि फसलें बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं, अतः इनका शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा एवं फसल बीमा योजना के तहत उचित क्षतिपूर्ति किसानों को प्रदान की जाए।
इसके अतिरिक्त ज्ञापन में राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई है। आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों ने पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डी.ए.पी. खाद एवं बीज की समय पर व उचित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कई किसानों की मूंग उपार्जन संबंधी प्रविष्टि पोर्टल पर ऑनलाइन नहीं हो पाई है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की कि पोर्टल पुनः खोला जाए ताकि सभी किसान अपनी मूंग की उपज का पंजीयन कर सकें। साथ ही जिन किसानों की मूंग उपज का भुगतान अभी शेष है, उसे शीघ्र अदा किया जाए।
भारतीय किसान संघ ने ज्ञापन के माध्यम से इन सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की अपील की है। ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान संघ के संभाग मंत्री राघवेंद्र रावत, जिला मंत्री महेंद्र रघुवंशी, जिला सदस्य अजय मिश्रा, नगर अध्यक्ष निरपत सिंह रघुवंशी, ब्लॉक समिति सदस्य मलखान ठाकुर, मनीष शर्मा जैथारी, राजकुमार जगेत, ओंकारा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button