धार्मिक

बेलगाड़ी पर सवार होकर कथा स्थल पहुंचे व्यास भूपेंद्र शास्त्री

सिलवानी। तहसील मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गैलपुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ एक अनोखे और श्रद्धा से परिपूर्ण दृश्य के साथ हुआ। रविवार को गांव में बारिश के बीच कथा के प्रारंभिक दिन कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों की आस्था और परंपरा का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
विशेष बात यह रही कि कलश यात्रा में कथावाचक पंडित भूपेन्द्र शास्त्री को लाने के लिए किसी आलीशान गाड़ी या बग्गी की व्यवस्था नहीं की गई, बल्कि ग्रामीणों ने परंपरागत बेलगाड़ी का उपयोग किया। व्यास शास्त्री ने भी इस सहज आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और बेलगाड़ी पर सवार होकर कलश यात्रा में सम्मिलित हुए।
उनकी सादगी और परंपराओं के प्रति सम्मान देख ग्रामीण अचंभित रह गए। रास्ते भर श्रद्धालु उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए और माहौल पूरी तरह धार्मिक उत्साह में डूबा रहा।
5 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलने वाली इस कथा के प्रति गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है और श्रोताओं के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है।
गैलपुर में इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button