धान उपार्जन केंद्र कीरतपुर वेयरहाउस का एसडीएम हर्षल चौधरी ने किया निरीक्षण

सिलवानी। कीरतपुर स्थित कनक वेयरहाउस में धान उपार्जन व्यवस्था को लेकर किसानों की शिकायतों पर एसडीएम हर्षल चौधरी ने बुधवार को निरीक्षण किया। वेयरहाउस के बाहर धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लगी हुई थीं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने एसडीएम को बताया कि वेयरहाउस पर तुलाई की गंभीर समस्या बनी हुई है, साथ ही धान के परिवहन में भी दिक्कतें आ रही हैं। लंबे समय तक ट्रालियों के खड़े रहने से किसानों को नुकसान हो रहा है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम हर्षल चौधरी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पारस वेयरहाउस से लिंकिंग कराई। इससे तुलाई की प्रक्रिया में तेजी आएगी और किसानों को समय पर धान की तुलाई की सुविधा मिल सकेगी।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और धान उपार्जन का कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जाए।



