स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । दमोह जबलपुर स्टेट हाईवे पर बुधवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। नोहटा थाना क्षेत्र के हथिनी गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृत युवक की पहचान अमृत अहिरवार 22 वर्ष के रूप में हुई है। वह पिता देवकरण अहिरवार, निवासी भाट बमोरी, थाना बटियागढ़ का रहने वाला था। बताया गया है कि अमृत अपनी बहन के घर दतला गांव जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शुरुआती तौर पर उसकी पहचान कर पाना भी मुश्किल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही नोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कराई गई। इसके बाद शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।
मृतक के चाचा पवन अहिरवार ने बताया कि अमृत दमोह के एकलव्य विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। वह बुधवार सुबह गांव से कॉलेज आया था और दोपहर बाद अपनी बहन से मिलने दतला गांव के लिए निकला था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। अमृत दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
यह हादसा एक बार फिर स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही की गंभीर समस्या को उजागर करता है, जिसमें आए दिन निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।


