नपाध्यक्ष संदीप लोधी ने वार्ड 11 व 16 के निरीक्षण में पेयजल लाइनों के लीकेज सुधारने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संदीप लोधी ने आज नगर के वार्ड क्रमांक 11 एवं 16 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल लाइनों में हो रही लीकेज, जल आपूर्ति की स्थिति एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर पाइप लाइनों से हो रहे जल रिसाव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और आम नागरिकों को नियमित पेयजल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ राजेंद्र शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे, उनके साथ जल प्रभारी अबरार खान भी शामिल रहे।
अध्यक्ष संदीप लोधी ने अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा जिन क्षेत्रों में बार-बार शिकायतें आ रही हैं, वहां नई पाइप लाइन डालने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने, नालियों की नियमित सफाई एवं समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी सफाई दरोगा को दिए।
वार्ड क्रमांक 11 में निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि रवि राज एवं वार्ड वासी मौजूद रहे। वहीं वार्ड क्रमांक 16 में पार्षद लोकराज ठाकुर निरीक्षण में साथ रहे। इस दौरान जल विभाग के कर्मचारी, पार्षद प्रतिनिधि राजीव दुबे एवं बृजेश लोधी भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



