मां विजयासन दरबार में बसंत पंचमी पर होंगे विभिन्न आयोजन

सिलवानी। नगर के स्थित आस्था के केंद्र मां विजयासन दरबार में बसंत पंचमी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किया जाएंगे। यह आयोजन मां विजयासन मंदिर की स्थापना की 38वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित होंगे। मंदिर समिति द्वारा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
बसंत पंचमी का पर्व इस वर्ष शुक्रवार, 23 जनवरी को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। संयोग से इसी तिथि को वर्ष 1988 में मां विजयासन की विधिवत स्थापना की गई थी। इस कारण इस वर्ष का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है।
मां को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे : मंदिर समिति के सचिव राजेश प्रकाश पांडे के अनुसार आयोजन के अंतर्गत विधिवत पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद माँ को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। साथ ही विराट कन्या भोज का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। रात्रि में विशाल महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से मां की आराधना करेंगे। मां विजयासन मंदिर लगभग तीन शताब्दियों से आस्था का केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने पर रोगों से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। मंदिर का इतिहास गंजबासौदा के कपूर परिवार से जुड़ा है, जिनकी श्रद्धा से यहां मां का प्राकट्य हुआ और बाद में भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया।



