खेत में मिला नवजात, नाल भी नहीं थी कटी, फैली सनसनी
सलैया गांव की घटना , सिलवानी सिविल अस्पताल में भर्ती शिशु
सिलवानी। सोमवार को स्टेट हाईवे-15 स्थित सिलवानी बरेली मार्ग पर सिलवानी से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम सलैया में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम सलैया में किसान महेंद्र पटेल के खेत में एक नवजात शिशु मिला। हैरानी की बात यह रही कि शिशु की नाल तक कटी नहीं थी जिससे उसके कुछ ही समय पहले जन्म लेने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल के माध्यम से पुलिस व स्वास्थ्य अमला मौके पर पहुंचा और नवजात को तुरंत सिलवानी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार व देखभाल जारी है। फिलहाल शिशु की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर, सिलवानी पुलिस ने मामला दर्ज कर नवजात को खेत में छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के गांवों, अस्पतालों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



