क्राइम

लोहे की रॉड और हथौड़े से युवक की हत्या, खून पीने और मांस खाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत समन्ना गांव में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी पर हत्या के बाद युवक का खून पीने और मांस खाने का भी आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समन्ना गांव निवासी भरत पिता रामगोपाल विश्वकर्मा 20 वर्ष पर आरोपी ने अचानक लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद हथौड़े से लगातार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी के अमानवीय कृत्य की बात भी सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीएसपी एचआर पांडे, थाना प्रभारी अमित गौतम, चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, विक्रम दांगी तथा सब इंस्पेक्टर रोहित द्विवेदी सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button