कृषिपर्यावरणमध्य प्रदेश

ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी, कटाई से पहले फसलों पर संकट

रिपोर्टर: सैयद मसूद अली पटेल
रायसेन। ज़िले की ग़ैरतगंज तहसील क्षेत्र के देहगांव टपपा के ग्राम इमली पानी लिलगंवा सहित अन्य कई गांवों में अचानक हुई ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गेहूं और चना की फसलें पूरी तरह पककर तैयार हैं और किसान अगले कुछ दिनों में कटाई की तैयारी में जुटे थे। लेकिन इसी बीच हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसलें कई जगह झुक गई हैं और दानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि इस समय बारिश और ओले गिरने से सबसे ज्यादा नुकसान होता है, क्योंकि फसल पूरी तरह तैयार रहती है। ऐसे में अगर मौसम साफ नहीं हुआ तो उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है। कई किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मौसम की मार से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं और वे अपनी मेहनत को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। अब सभी की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हुई हैं, ताकि आगे और नुकसान से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button