शराब के नशे में स्कूल पहुंच रहा शिक्षक, छात्र छात्राएं परेशान

शिक्षक करता है बच्चों से अभद्र व्यवहार ग्रामीणों का हंगामा, जांच शुरू, प्राथमिक शाला चौका का मामला
सिलवानी। तहसील मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर भोपाल मार्ग स्थित ग्राम चौका की प्राथमिक शाला में सोमवार को एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और बच्चों से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जनपद शिक्षा केंद्र सिलवानी के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक शाला चौका में पदस्थ शिक्षक हीरालाल धुर्वे नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बच्चों के साथ गाली-गलौज की और स्कूल परिसर में गंदगी फैलाई जिससे उनके कपड़े भी खराब हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विशेषकर महिलाएं स्कूल पहुंचीं और शिक्षक के खिलाफ जमकर विरोध जताया। कुछ ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र ठाकुर एवं विद्या चरण श्रीवास्तव ग्राम चौका पहुंचे और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
दो साल से लग रहे आरोप
जांच के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक पिछले डेढ़ से दो वर्षों से लगातार शराब पीकर स्कूल आते हैं और बच्चों से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं।
34 बच्चों का भविष्य दांव पर
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में करीब 34 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिनकी पढ़ाई इस स्थिति के कारण प्रभावित हो रही है। अभिभावकों ने चिंता जताई कि ऐसे माहौल में बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। तत्काल हटाने की मांग
ग्रामीणों ने जांच दल के सामने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जायेगा।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस संबंध में रूपेंद्र ठाकुर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सिलवानी का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर प्राथमिक शाला चौका की जांच की गई। जांच में शिक्षक हीरालाल धुर्वे अस्वस्थ स्थिति में पाए गए और स्कूल में गंदगी भी मिली। बच्चों ने भी बताया कि शिक्षक शराब के नशे में आकर गाली गलौज करते हैं। जांच प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को कार्रवाई हेतु भेजा जायेगा।



