पान कृषकों को निस्तारी दर पर बांस उपलब्ध कराने का आश्वासन, चौरसिया समाज ने जताया आभार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पान कृषकों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर चौरसिया समाज उमरियापान का एक प्रतिनिधि मंडल वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय मिश्रा से मिला । प्रतिनिधि मंडल ने पान की खेती में उपयोग होने वाले बांस की कमी और बढ़ती कीमतों से किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए निस्तारी दर पर बांस उपलब्ध कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधियों ने बताया कि पान की खेती कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है । पान बरेजा तैयार करने एवं उसकी देखरेख में बड़ी मात्रा में बांस की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन बाजार में बांस महंगे दामों पर मिलने से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है । ऐसे में छोटे और मध्यम कृषकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय मिश्रा ने प्रतिनिधि मंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि पान कृषकों की आवश्यकता को देखते हुए डीएफओ कटनी को प्रस्ताव भेजकर निस्तारी दर पर बांस उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
चौरसिया समाज के वरिष्ठ सदस्य ज्ञानचंद चौरसिया ने वन विभाग के सकारात्मक रवैये एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय मिश्रा के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही किसानों को राहत मिलेगी और पान खेती को बढ़ावा मिलेगा ।
इस अवसर पर समिति के व्यवस्थापक शिव कुमार चौरसिया, नरेश चौरसिया, विजई चौरसिया, सुरेश चौरसिया, प्रकाश चौरसिया सहित चौरसिया समाज के अध्यक्ष आशीष चौरसिया एवं समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे ।



