दतला नदी में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का प्रहार, चार घाटों के रैम्प और रास्ते ध्वस्त

ग्राम दशरमन में बड़ी कार्रवाई, जेसीबी चलाकर अवैध उत्खनन व परिवहन के मार्ग किए बंद
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले में अवैध खनिज एवं रेत उत्खनन तथा परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है । इसी क्रम में गुरुवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के लिए बनाए गए रैम्प एवं रास्तों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया ।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्व में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की । टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से दतला नदी के तटीय घाटों पर बनाए गए अवैध रैम्पों को कटवाया तथा गहरे गड्ढे खुदवाकर मार्गों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिससे भविष्य में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके ।
प्रशासन द्वारा सुनारखेड़ा घाट, डबरी घाट, बम्हौरी दतला घाट और शंकर घाट बम्हौरी में यह कार्रवाई की गई । इन स्थानों पर अवैध परिवहन के लिए बनाए गए रास्तों को भी नष्ट कर दिया गया ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ।



