बेगमगंज एसडीएम सौरभ मिश्रा का तबादला, तहसीलदार संभालेंगे प्रभार

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। बेगमगंज के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सौरभ मिश्रा का स्थानांतरण होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। सौरभ मिश्रा का तबादला जबलपुर नगर निगम में डिप्टी कमिश्नर के पद पर किया गया है। वे पिछले लगभग तीन वर्षों से बेगमगंज में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे और इस दौरान उन्होंने राजस्व, प्रशासनिक एवं विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने कार्यकाल के दौरान सौरभ मिश्रा ने कानून व्यवस्था बनाए रखने, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, जनसुनवाई और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय योगदान दिया। उनके स्थानांतरण के बाद फिलहाल बेगमगंज में नए एसडीएम की पदस्थापना नहीं की गई है।
प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बेगमगंज तहसीलदार को एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जब तक शासन द्वारा नए एसडीएम की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक तहसीलदार ही अनुविभागीय अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
श्री मिश्रा के स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, क्षेत्रवासियों की नजर अब बेगमगंज में नए एसडीएम की नियुक्ति पर टिकी हुई है।



