पूर्व छात्रों ने गुरु दक्षिणा स्वरूप भेंट की मोटरसाइकिल, प्राचार्य एम.एल. बघेल का सेवानिवृत्ति समारोह भव्यता से संपन्न

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। तहसील के ग्राम उमरखोह हाई स्कूल के प्राचार्य श्री एम.एल. बघेल के सेवानिवृत्ति अवसर पर नगर के गुप्ता मैरिज गार्डन में एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा जगत, सामाजिक क्षेत्र एवं नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा श्री बघेल के सम्मान एवं अभिनंदन के साथ हुआ। उपस्थित वक्ताओं ने श्री बघेल के लंबे शैक्षणिक जीवन, अनुशासनप्रिय कार्यशैली एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में हजारों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा प्रदान की है। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रेरणादायी बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
समारोह का सबसे भावुक और आकर्षक क्षण तब आया, जब श्री बघेल के पूर्व छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षक के प्रति सम्मान और गुरु-दक्षिणा की भावना व्यक्त करते हुए उन्हें भेंट स्वरूप एक मोटरसाइकिल प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय सिंह जाट, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव, समाजसेवी संतोष कांड्या, विद्यानंद शर्मा, बसंत शर्मा, शैलेन्द्र उपाध्याय, आर.जी. नेमा, मोहन कुशवाहा, दीपक सोनी सहित एक सैकड़ा से अधिक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप सोनी ‘शून्य’ ने किया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने श्री एम.एल. बघेल को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



