उड़द मूंग खरीदी केंद्र को उमरियापान में ही रखने की मांग, किसानों के हित में विधायक की पहल

कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा, भूला केन्द्र होने से किसानों को 30 से 100 किलोमीटर तक करना पड़ रहा सफर, छोटे एवं सीमांत किसानों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । खरीफ उपार्जन के दौरान किसानों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कटनी कलेक्टर को पत्र भेजकर ढीमरखेड़ा तहसील के उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र को पुनः उमरियापान कृषि उपज मंडी परिसर में ही संचालित किए जाने की मांग की है । विधायक ने कहा कि किसानों की सुविधा, समय और आर्थिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व वर्षों की व्यवस्था को बहाल किया जाना आवश्यक है ।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पिछले कई वर्षों से उमरियापान कृषि उपज मंडी में उड़द एवं मूंग की खरीदी सफलतापूर्वक होती रही है । यहां पर्याप्त भंडारण व्यवस्था, तौल कांटे, परिवहन सुविधा, कर्मचारियों की उपलब्धता सहित किसानों के बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं । ऐसे में इस वर्ष खरीदी केंद्र को ग्राम भूला स्थानांतरित कर दिया जाना किसानों के लिए असुविधाजनक साबित हो रहा है ।
उन्होंने बताया कि ढीमरखेड़ा तहसील के अनेक गांवों के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए 30 से 100 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ रहा है । इससे किसानों का समय तो नष्ट हो ही रहा है, साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहनों का अतिरिक्त किराया, डीजल खर्च और मजदूरी का बोझ भी बढ़ गया है । कई छोटे एवं सीमांत किसान आर्थिक तंगी के कारण अपनी उपज समय पर खरीदी केंद्र तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है । ऐसे में खरीदी केंद्र को दूरस्थ स्थान पर स्थापित करना सरकार की किसान हितैषी भावना के अनुरूप नहीं है । यदि खरीदी केंद्र उमरियापान मंडी में संचालित किया जाता है तो ढीमरखेड़ा क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उपार्जन प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न होगी ।
उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि किसानों की समस्याओं और जनहित को गंभीरता से देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र को पूर्व की भांति उमरियापान कृषि उपज मंडी परिसर में संचालित करने के निर्देश जारी किए जाएं । इससे किसानों को अनावश्यक आर्थिक बोझ और लंबी दूरी तय करने की समस्या से राहत मिलेगी ।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया है कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे आगामी खरीदी प्रक्रिया बिना किसी कठिनाई के संपन्न हो सके और क्षेत्र के किसानों को समय पर अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो ।
इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि उमरियापान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया तथा ढीमरखेड़ा मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी को भी प्रेषित की गई है।



