किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लांक कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए शासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई ।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि प्रदेश सरकार किसानों की संपूर्ण उपज का समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शत-प्रतिशत उपार्जन सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े ।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने वर्तमान में संचालित राधे कृष्णा वेयरहाउस, भूला खरीदी केंद्र को किसानों के लिए दूर और असुविधाजनक बताते हुए इसे तहसील मुख्यालय के निकट उमरियापान क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे किसानों के परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत होगी।
ज्ञापन में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी और कृत्रिम अभाव पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की गई । साथ ही कृषि कार्यों के व्यस्त समय को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कर निर्धारित समयानुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई ।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के साथ कमलेश रजक, प्रकाश पटेल, ओमकार दुबे, राहुल पटेल, संतन पुरी, प्रमोद पटेल, मनीष पटेल, आनंद गौतम, सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।



