कम बारिश से धान की रोपाई अटकी, किसान चिंतित

सिलवानी। तहसील क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही हल्की एवं तेज बारिश से मौसम भले ही सुहावना हो गया हो, लेकिन किसानों की चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण अधिकांश खेतों में पानी का भराव नहीं हो पाया है, जिससे धान की रोपाई का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है।
किसानों का कहना है कि धान की रोपाई से पहले खेतों में पर्याप्त पानी भरना आवश्यक होता है। इसके बाद ही खेतों में “मचोआ” (कीचड़ तैयार करने की प्रक्रिया) किया जाता है, जिसके पश्चात धान की रोपाई शुरू होती है। इस वर्ष मानसून की धीमी गति के कारण खेती का पूरा चक्र प्रभावित होता दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील सिलवानी में शुक्रवार तक केवल 3.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून 2026 से 3 जुलाई 2026 तक कुल 118.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 247.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार वर्षा काफी कम हुई है।
कम वर्षा के कारण धान की खेती करने वाले किसान सबसे अधिक प्रभावित हैं। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी, जिससे खेतों में पर्याप्त पानी भर सकेगा और धान की रोपाई का कार्य समय पर शुरू हो सकेगा। किसानों का मानना है कि यदि जल्द ही अच्छी वर्षा नहीं हुई तो खरीफ फसलों के उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।



