कुम्हारी में बजी शहनाई: BPSC में चयनित ग्रामीण विकास अधिकारी आदित्य जैन का ऐतिहासिक स्वागत

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
कुम्हारी।क्षेत्र के होनहार युवा आदित्य जैन ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता का परचम लहराकर ग्रामीण विकास अधिकारी (RDO) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आदित्य की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गृह नगर कुम्हारी में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। नगर आगमन पर युवाओं, जनप्रतिनिधियों और सर्वसमाज द्वारा उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया गया।
*बांके बिहारी मंदिर और जिनालयों में टेका मत्था*
आदित्य जैन ने विक्रम संवत चौराहा से गाजे-बाजे के साथ भव्य काफिले के रूप में नगर में प्रवेश किया। उन्होंने सबसे पहले नगर के हृदय स्थल श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे 1008 महावीर जिनालय, नवीन मंदिर जी और प्राचीन विद्यालय जी पहुंचे, जहाँ उन्होंने सविधि पूजा-अर्चना कर मंगल प्रार्थना की।
*नगर की हर गली में हुआ पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत*
आदित्य के स्वागत में वाहनों का एक विशाल काफिला और ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजती रही। नगर की हर गली और चौराहे पर स्थानीय निवासियों ने तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और शाल-श्रीफल भेंट कर आदित्य को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य का आशीष दिया। इस दौरान पूरा कुम्हारी नगर एक परिवार की तरह एकजुट नजर आया। जब आदित्य अपने परिजनों से मिले, तो माता-पिता और बुजुर्गों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए।
*विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र*
अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुम्हारी से पूरी करने वाले आदित्य जैन ने स्कूल के छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद किया। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि एकाग्रता और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे मन से पढ़ाई करने का संदेश दिया।
*गरिमामयी उपस्थिति में हुआ सम्मान*
इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य व युवा नेता साहिल सिंह लोधी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुम्हारी के हरिशंकर लोधी, शिक्षक जिनेंद्र कुमार जैन सहित तमाम क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।गौरवान्वित सेठ परिवार के वरिष्ठ सदस्य अशोक कुमार जैन (पिता), बड़े पापा सेठ ऋषभ कुमार जैन, सेठ विजय कुमार जैन, बड़े भाई सेठ शिखर जैन, आनंद जैन, योगेश जैन, पवन जैन, योगेंद्र जैन, शैलेंद्र जैन, सचिन जैन और समस्त कुम्हारी जैन समाज ने हृदय की गहराइयों से आदित्य का अभिनंदन करते हुए उनके इस गौरवमयी सफर की सराहना की।



