मध्य प्रदेश

जनसमस्याओं को लेकर चंद्रकांत चंदू चौरसिया के नेतृत्व में प्रदर्शन कर, नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । रविवार को उमरियापान में समाजसेवी चंद्रकांत चंदू चौरसिया के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया । प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया । प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की ।
ज्ञापन में कहा गया कि उमरियापान एवं आसपास के क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं की लगातार उपेक्षा हो रही है, जिससे आमजन और किसान परेशान हैं । प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उमरियापान में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए । इसके लिए ग्राम पंचायत बम्हनी में भूमि चिन्हित की जा चुकी है, इसलिए निर्माण कार्य में अब और विलंब नहीं होना चाहिए।
ज्ञापन में उमरियापान- खितौला मुख्य सड़क के तत्काल नवनिर्माण, भनपुरा खुर्द से खिरवा तथा गड़मास से भेड़ा मोहारी टोला तक सड़क निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी की गई । साथ ही उमरियापान मुख्य मार्ग पर बेहतर यातायात व्यवस्था, नियमित पेयजल आपूर्ति, पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत करने तथा साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने की मांग भी रखी गई ।
पान किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन में कहा गया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) में ‘बारी रकबा’ से संबंधित विसंगतियों को दूर करने के लिए राजस्व सर्वे कराया जाए। जनवरी माह में पाला एवं शीतलहर से प्रभावित पान किसानों को स्वीकृत मुआवजा राशि अब तक नहीं मिली है, इसलिए तत्काल भुगतान कराया जाए । साथ ही नियमों के अनुसार मिलने वाली राहत राशि पूर्ण रूप से स्वीकृत करने की मांग भी की गई ।
प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी चंद्रकांत “चंदू” चौरसिया ने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार द्वारा क्षेत्र की जनहितकारी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो 15 अगस्त को उग्र आंदोलन किया जाएगा । उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आत्मदाह जैसा कदम उठाने की घोषणा की है ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और ज्ञापन का समर्थन किया । ज्ञापन पर शिवकुमार, विनय कुमार, संतोष कुमार, राम सिंह, नंदलाल, विजय सिंह, अनिल, आशाराम, गोपाल सिंह, लल्लू सिंह, मुन्नालाल, ज्योति, राजू कोल, सुरेन्द्र सिंह, रतन, नंद कुमार, शैलेन्द्र दुबे, मयन, सचिन, प्रेमलाल, प्रीतम, रवि, गुलजार, संदीप सिंह, भारत सिंह, गियालाल, सुखदयाल, बलवंत सिंह, जहन सिंह, परनाम सिंह, कालूराम, नेमचंद, धरमदास, कालू, गोपाल, नत्थू सिंह, रमेश यादव, शिव शंकर एवं अन्य नागरिकों के हस्ताक्षर दर्ज रहे ।

Related Articles

Back to top button