मध्य प्रदेश

करौंदी के भारत माता मध्य भू भाग के विकास के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री से मांगी स्वीकृति

108 फीट भारत माता प्रतिमा, पहाड़ी मार्ग व पर्यटन विकास के लिए सौंपा मांग पत्र, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जताया आभार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । करौंदी स्थित भारत माता के मध्य भू-भाग (सेंटर प्वाइंट) को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग गई है । बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपकर यहां समग्र विकास, सौंदर्यीकरण, सुरक्षित पहाड़ी मार्ग निर्माण तथा 108 फीट ऊंची भारत माता की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है । इस पहल का मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला इकाई कटनी ने स्वागत करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है ।
भाजपा नेता ठाकुर योगेंद्र सिंह (दादा ठाकुर) ने बताया कि विधायक ने 23 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर करौंदी स्थित भारत माता के मध्य भू-भाग के विकास का प्रस्ताव रखा । उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह स्थल भौगोलिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसे विकसित किए जाने पर यह प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है ।
विधायक ने मांग की है कि परियोजना के अंतर्गत पूरे क्षेत्र का समग्र विकास, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, आकर्षक सौंदर्यीकरण, सुगम पहाड़ी मार्ग निर्माण तथा 108 फीट ऊंची भारत माता की प्रतिमा स्थापित की जाए । उनका कहना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, देश-विदेश से श्रद्धालु एवं पर्यटक आएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे ।
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला इकाई कटनी ने विधायक की इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है । संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह राजपूत एवं जिला महासचिव अज्जू सोनी ने संयुक्त बयान में कहा कि करौंदी स्थित भारत का मध्य भू-भाग प्रदेश की गौरवशाली धरोहर है, जिसे राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध विकास आवश्यक है ।
संघ ने विश्वास जताया कि यदि प्रस्तावित परियोजना को स्वीकृति मिलती है तो करौंदी धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। संघ ने मुख्यमंत्री से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है ।
इस अवसर पर संघ के ढीमरखेड़ा तहसील अध्यक्ष लूनेश्वर पुरी, तहसील महासचिव सुखचेन पटेल, जिला उपाध्यक्ष सतीश चौरसिया, राकेश यादव, जिला सचिव सुशील मिश्रा, सोमनाथ पटेल, बड़वारा अध्यक्ष संतोष तोमर, बहोरीबंद अध्यक्ष नवीन पप्पू उपाध्याय, ढीमरखेड़ा महिला अध्यक्ष सपना बर्मन सहित संघ के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयास की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

Related Articles

Back to top button