मध्य प्रदेश

मातृभूमि रत्न सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पूर्वजों की स्मृति में प्रतिमाओं की स्थापना

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मातृभूमि सेवा समिति, भुड़सा के सौजन्य से सत्र 2025-26 के अंतर्गत ग्राम भुड़सा के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को “मातृभूमि रत्न” सम्मान एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया । समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 5 की प्रियंका नामदेव, कक्षा 8 की श्रेया साहू, कक्षा 10 की रुक्मणि प्रजापति तथा कक्षा 12 के पंकज कुमार कुशवाहा शामिल रहे । समिति के अध्यक्ष निरंजन सिंह चौहान, सचिव आचार्य राजा भैया सोनी एवं कोषाध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को सम्मान-पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया ।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य राजा भैया सोनी के संयोजन में श्री माता-पिता महाशक्ति धाम, भुड़सा में निरंजन सिंह मणीराज सिंह चौहान द्वारा अपने पूर्वज स्व. करण सिंह एवं स्व. दुलारी बाई की पुण्य स्मृति में श्री गणेश जी महाराज की प्रतिमा तथा रमेश कुमार गुप्ता एवं नीरज कुमार गुप्ता द्वारा स्व. सोहनलाल एवं स्व. रामरती बाई की स्मृति में वेदमाता मां गायत्री की प्रतिमा की स्थापना कराई गई ।
इस अवसर पर आचार्य राजा भैया सोनी ने कहा कि आगामी पीढ़ी में नैतिक मूल्यों का विकास, पूर्वजों, माता-पिता एवं बड़े-बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह अभिनव पहल की गई है । उन्होंने बताया कि इस नवाचार को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा ।
कार्यक्रम में संतोष प्रजापति, इन्द्रजीत तिवारी, संतोष गुप्ता, रामदेव मिश्रा, संस्कार सोनी, अमृतलाल साहू, बलराम नामदेव, रवीन्द्र सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button