पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने किया मूंग उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण

तुलाई में तेजी लाने और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
सिलवानी। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने शुक्रवार को सिलवानी तहसील स्थित मूंग खरीदी वेयरहाउस एवं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूंग उपार्जन कार्य की प्रगति, तुलाई व्यवस्था तथा किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
पूर्व मंत्री ने उपार्जन केंद्र पर तौल कांटों की व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता तथा तुलाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े तथा तुलाई कार्य को तेज एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र पर मौजूद किसानों ने पूर्व मंत्री के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं और परेशानियां रखीं। इस पर उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए, जिससे किसानों को राहत मिल सके।
पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मूंग उपार्जन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएगी तथा किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों की सुविधा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
औचक निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री की सक्रियता और किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की उपस्थित किसानों ने सराहना की। किसानों ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण कर त्वरित समाधान कराने के लिए पूर्व मंत्री का आभार व्यक्त किया।
पूर्व मंत्री के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, संदीप शर्मा उपस्थित रहे।



