जिला स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं फुटबॉल वितरण कार्यक्रम संपन्न

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार संकल्पित : पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत
सिलवानी। नगर के संदीपनी विद्यालय परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा खेल सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत शुक्ला एवं विभोर नायक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रूपेश ठाकुर एवं संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. शिल्पी ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग से भी बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिला। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नगर और ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करें।
पूर्व मंत्री ने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में विकास खंड 37 स्कूल को 193 फुटबॉल का वितरण मुख्य अतिथि द्वारा किया गया।
इस अवसर संदीप शर्मा, दीपेश समैया, पुनीत समैया नीरज नेमा पप्पू, लखन चंदेल, नीरज साहू, देवेंद्र रघुवंशी डूंगरिया, पार्षद प्रदीप कुशवाह, लखन मेहरा, पुरुषोत्तम सोनी सहित खेल प्रशिक्षकों अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।



