मध्य प्रदेश

नागपंचमी पर चौरसिया समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, गूंजे मनियादेव और चिहूंटिया महाराज के जयकारे

रिपोर्टर  : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  पान की नगरी के नाम से प्रसिद्ध उमरियापान में नागपंचमी का पर्व चौरसिया समाज द्वारा श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया ।  इस अवसर पर चौरसिया समाज की ओर से नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए ।  पूरे नगर में डीजे, बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा ।
नागपंचमी पर्व के अवसर पर सुबह चौरसिया पान उत्पादक कृषक अपने-अपने पान बरेजों में पहुंचे ।  यहां पान की बेल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया ।  कृषकों ने पान बेल को दूध, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अच्छी फसल और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की ।
इसके बाद दोपहर में चौरसिया नवयुवक मंडल के संयोजन में चौरसिया मंगल भवन प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का  आयोजन किया गया ।   कार्यक्रम का शुभारंभ चिहूटिया महाराज के तैलचित्र एवं नाग प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया ।  समाज के बच्चों ने देशभक्ति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गीतों सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया ।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ एवं बुजुर्गजनों का तिलक-वंदन कर पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया । वहीं कार्यक्रम में शामिल अतिथि  को शाल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया गया ।  समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया ।  इस पर समाज के वरिष्ठ मास्टर शिवकुमार चौरसिया,अखिल आदर्श भारतीय चौरसिया महासंघ जबलपुर के उपाध्यक्ष जयप्रकाश चौरसिया, जीवेश चौरसिया , कालू राम चौरसिया, चंदू चौरसिया , गया प्रसाद चौरसिया, ज्ञान चंद चौरसिया, कमलेश चौरसिया, बसंत चौरसिया, मगन चौरसिया, राधिका प्रसाद चौरसिया, मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, मगन चौरसिया, कमलेश चौरसिया, समाज अध्यक्ष आशीष चौरसिया, हिमांशु चौरसिया , संदीप भाटू चौरसिया आदि वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर जोर दिया ।
*डीजे, बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा*
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात शाम को मंगल भवन से चौरसिया समाज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई ।  बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ढीमरखेड़ा रोड स्थित नर्मदा नहर के समीप चिहूटिया महाराज के चबूतरे पर पहुंची ।  शोभायात्रा में समाज के लोग उत्साह के साथ शामिल हुए । 
चिहूटिया महाराज के चबूतरे पर पहुंचने के बाद समाजजनों द्वारा चिहूटिया महाराज एवं मनियादेव की विशेष पूजा-अर्चना की गई ।  पूजा के दौरान फूल-मालाएं, बेलपत्र, दूध, खीर, गुड़ सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। इसके बाद विधि-विधान से हवन किया गया ।  समाजजनों ने एक स्वर में मनियादेव एवं चिहूटिया महाराज के जयकारे लगाए ।  पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया ।
*पीढ़ियों से चली आ रही चिहूटिया महाराज की पूजा*
नागपंचमी के अवसर पर चौरसिया समाज द्वारा चिहूटिया महाराज एवं मनियादेव की पूजा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है ।  समाज के बुजुर्गों के अनुसार चौरसिया परिवारों के पूर्वजों के समय से ही नागपंचमी पर चिहूटिया महाराज की पूजा-अर्चना की जाती रही है ।  समाजजन इस परंपरा को बुंदेलखंड के पराक्रमी शूरवीर आल्हा-ऊदल के परिवार से भी जोड़कर बताते हैं ।  मान्यता है कि मनियादेव और चिहूटिया महाराज की पूजा आल्हा-ऊदल के परिवार में भी की जाती थी ।
गौरतलब है कि नागपंचमी पर्व को चौरसिया समाज द्वारा चौरसिया दिवस के रूप में भी मनाया जाता है ।  इसी परंपरा के तहत उमरियापान में हर वर्ष समाजजनों द्वारा धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और शोभायात्रा का आयोजन किया  जाता है ।  इस वर्ष भी आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की सहभागिता रही और पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता एवं पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली ।

Related Articles

Back to top button