पर्यावरणमध्य प्रदेश

36 घंटे की लगातार बारिश से तीन कच्चे मकानों की दीवारें गिरीं, गरीब परिवार परेशान

पीड़ित परिवारों ने मुआवजे की लगाई गुहार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील के सिलौंडी क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते कई कच्चे मकानों के लिए खतरा बढ़ गया है। इसी दौरान सिलौंडी निवासी राजकुमार कोल, रामजी कोल और नेकराम काछी के कच्चे मकानों की दीवारें अचानक गिर गईं । गनीमत रही कि दीवार गिरने के समय कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया ।
दीवारें गिरने से तीनों परिवारों के घरों में रखा सामान खराब हो गया। गरीब परिवारों के लिए यह नुकसान काफी बड़ा है, क्योंकि कच्चे मकानों में रहने वाले इन परिवारों के पास बारिश से बचाव के पर्याप्त साधन भी नहीं हैं । मकानों की दीवारों के साथ बड़ी मात्रा में मिट्टी सड़क पर आ जाने से मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है ।
लगातार बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ने से कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो गई थीं। दीवार गिरने के बाद प्रभावित परिवारों को अपने घर और सामान को सुरक्षित रखने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अचानक आई इस आपदा से तीनों परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं ।
पीड़ित राजकुमार कोल, रामजी कोल और नेकराम काछी ने शासन-प्रशासन से नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर उचित आर्थिक मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है । ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन को क्षेत्र के कच्चे मकानों का जायजा लेकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करनी चाहिए, ताकि किसी बड़ी घटना को टाला जा सके ।

Related Articles

Back to top button