मध्य प्रदेश

बंधी स्टेशन में एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का जाना हाल

बंदरों के आतंक से लेकर अतिक्रमण और पेयजल संकट तक ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने के उद्देश्य से स्लीमनाबाद एसडीएम प्रदीप मिश्रा बुधवार को ग्राम बंधी स्टेशन पहुंचे। एसडीएम के अचानक गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और गांव में व्याप्त समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं एसडीएम के सामने रखीं। एसडीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया।
*साहब, बंदरों के आतंक से बचाइए*’
चौपाल में ग्रामीणों ने सबसे पहले गांव में बढ़ते बंदरों के आतंक की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि बंदरों के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। वहीं गांव में रेलवे स्टेशन होने के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनकर एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने ग्राम पंचायत सरपंच से चर्चा की तथा बंदरों के आतंक से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने समस्या के समाधान में जनसहयोग की आवश्यकता भी बताई, जिस पर ग्रामीणों ने सहयोग करने की सहमति जताई।
*अतिक्रमण से सड़कें हुईं संकरी, हादसों का खतरा*
ग्रामीणों ने गांव में बढ़ते अतिक्रमण की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि कई स्थानों पर मील के पत्थरों तक को नहीं छोड़ा गया और उनके आसपास भी कब्जा कर लिया गया है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सोमवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार मुख्य सड़क पर लगने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार आकाश दीप नामदेव एवं संबंधित पटवारी को निर्देशित किया कि गांव में अतिक्रमण वाले स्थानों का चिन्हांकन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
*नल-जल योजना के बिजली कनेक्शन कटने से बढ़ी परेशानी*
चौपाल में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि स्लीमनाबाद तहसील क्षेत्र के कई गांवों में नल-जल योजना के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की परेशानी पर एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने कहा कि “जल ही जीवन है।” उन्होंने कहा कि बिना सूचना और जनपद के उच्च अधिकारियों से चर्चा किए नल-जल योजना का विद्युत कनेक्शन काटा जाना उचित नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
*ग्रामीणों से सीधे संवाद पर दिया जोर*
चौपाल के दौरान गांव की अन्य समस्याओं पर भी ग्रामीणों से चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका यथासंभव शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीएम के इस तरह अचानक गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करने और समस्याएं सुनने से ग्रामीणों में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि चौपाल में उठाई गई समस्याओं का अब जल्द समाधान होगा।

Related Articles

Back to top button