मध्य प्रदेश

संत कमल किशोरीजी नागर को मिली जान से मारने की धमकी, सनातन समाज ने सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। नगर की समस्त सनातन समाज के द्वारा परम पूज्य संत श्री पं. कमल किशोरीजी नागर को जान से मारने की धमकी के मामले में मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिलवानी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा संत की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 4 सितम्बर 2026 को श्री गुरु कृपा शहरी गौशाला, भूराजबारा, जिला झाबुआ में परम पूज्य संत श्री पं. कमल किशोरीजी नागर के सानिध्य में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर रात्रिकालीन भव्य सत्संग का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भेंट स्वरूप प्रदान की गई सामग्री, शाल एवं श्रीफल आदि के बीच एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें संत को जान से मारने की धमकी दी गई है।
सनातन समाज ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि संत श्री पं. कमल किशोरीजी नागर धर्मांतरण एवं गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा गौ-संरक्षण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा सामाजिक एवं धार्मिक जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि धमकी भरे पत्र की भाषा एवं विषयवस्तु अत्यंत गंभीर है और सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है। इसलिए मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषी व्यक्ति की शीघ्र पहचान की जाए तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि परम पूज्य संत श्री पं. कमल किशोरीजी नागर एवं उनके आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
ज्ञापन देने वालों में नगर वरिष्ठ समाजसेवी सेवी महेश नामदेव, पूर्व हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश राय, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष राजीव सोनी रानू, कालू मतांबर, राजकुमार साहू, अंकित राय, सोनू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में सानतन समाज बंधू उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button