अवैध शराब के कारोबारियों एवं ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ करने वालों पर उमरियापान पुलिस का कड़ा शिकंजा

48 घंटे के विशेष अभियान में 08 लोगों पर सख्त कार्रवाई, 06 आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व XUV 500 कार जप्त
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के कुशल निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में थाना प्रभारी उमरियापान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा दिनांक 13/09/2026 एवं 14/09/2026 को लगातार 48 घंटे सघन कॉम्बिंग व चेकिंग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है ।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर ग्राम इटमा और ग्राम जमुनिया में चिन्हित ठिकानों पर सुनियोजित दबिश दी । ग्राम इटमा में अवैध रूप से शराब बेचने व लोगों को बैठाकर पिलाने की सुविधा देने वालों तथा ग्राम जमुनिया में अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए । इस कार्रवाई के अंतर्गत इटमाँ निवासी प्रकाश पटेल (उम्र 40 वर्ष) एवं शिव कोल (उम्र 39 वर्ष) को पकड़ा गया । वहीं ग्राम जमुनिया से कौशल कोल (उम्र 27 वर्ष), दसईराम कोल (उम्र 52 वर्ष) तथा सतीश कोल (उम्र 30 वर्ष) एवं ग्राम टोला निवासी किशोरीलाल बसोर (उम्र 45 वर्ष) को अवैध शराब कारोबार में लिप्त पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया ।
सघन वाहन चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले दो चालकों पर मोटर यान अधिनियम (MV Act) की धारा 185 के तहत सख्त कार्रवाई की गई । इसमें ग्राम डिघरी मझगवां (थाना उमरियापान) निवासी संदीप कोल पिता इमरत कोल (उम्र 30 वर्ष) को अत्यधिक शराब के नशे में हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चलाते पाए जाने पर वाहन जप्त कर धारा 185 मोटर यान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया । इसके अतिरिक्त बघराजी निवासी बृजेश विश्वकर्मा (उम्र 46 वर्ष) को अत्यधिक शराब के नशे में अपनी लाल रंग की महिन्द्रा XUV 500 कार को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पकड़ा गया, जिसे मौके से जप्त किया गया ।
उक्त विशेष अभियान के दौरान आबकारी एक्ट के प्रकरणों में संलिप्त सभी 06 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है । पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के परिपालन में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु अवैध शराब विक्रय, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध उमरियापान पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।


