सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा का आयोजन

सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन आंगनबाड़ी केंद्र जमुनिया परमसुख में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी गतिविधियों के साथ महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सेवा कार्यों में योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का पुष्पमालाओं से सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि श्याम साहू ने आशा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से सेवाभावी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और समाज में सेवा भावना को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



