मध्य प्रदेश

साइकिल मिली, फिर वापस हुई; अब स्कूल भवन में खड़ी, विद्यार्थी पैदल आने को मजबूर

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  ढीमरखेड़ा विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल पडंरभटा में कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें करीब एक माह बाद वापस लिए जाने का मामला सामने आया है । साइकिलें वापस लिए जाने के बाद उन्हें स्कूल भवन में रखा गया है ।  इससे दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले विद्यालय में कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण किया गया था ।  साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों को उम्मीद थी कि स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी।  हालांकि, करीब एक माह बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा कुछ छात्र छात्राओं से साइकिलें वापस ले ली गईं ।
*पोर्टल मैपिंग के बाद सामने आई पात्रता की स्थिति*
मामले में स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक तौर पर ऑफलाइन माध्यम से साइकिलें वितरित की गई थीं ।  बाद में विद्यार्थियों की पोर्टल पर मैपिंग किए जाने पर कुछ छात्र-छात्राएं साइकिल वितरण के लिए अपात्र पाए गए। इसी आधार पर संबंधित विद्यार्थियों से साइकिलें वापस ली गई हैं ।
प्राचार्य के अनुसार विद्यालय को विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर ऑफलाइन साइकिलें प्राप्त हुई थीं । मामले की स्थिति स्पष्ट करने और आगे की कार्रवाई के लिए शासकीय हाईस्कूल पडंरभटा, विकासखंड ढीमरखेड़ा के कार्यालय से जिला शिक्षा अधिकारी कटनी को पत्र भेजकर मार्गदर्शन मांगा गया है ।
*इन विद्यार्थियों की साइकिलें वापस ली गईं*
विद्यालय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र में अपात्र बताए गए विद्यार्थियों की सूची में रितिक पिता सीरा लाल, सत्येन्द्र पिता नोने लाल, बेदराम पाल पिता मुकेश कुमार, दिव्यांशु पिता दीपक, योगिता पिता अमता प्रसाद, रोहणी पिता प्रेमलाल, रिया पाल पिता सुदामा प्रसाद, मानवी पिता अमित और सानिया पिता ईश्वरी प्रसाद के नाम शामिल हैं ।
*एक माह बाद उठे सवाल*
साइकिल वितरण के बाद करीब एक माह तक विद्यार्थियों के पास साइकिलें रहीं, लेकिन बाद में पोर्टल मैपिंग में कुछ विद्यार्थियों को अपात्र बताए जाने से प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं । विद्यार्थियों का कहना है कि साइकिल मिलने से उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा हो रही थी, लेकिन अब साइकिलें स्कूल में रखे होने के कारण उन्हें पैदल आवागमन करना पड़ रहा है ।
फिलहाल वापस ली गई साइकिलें विद्यालय भवन में रखी हुई हैं ।  जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिलने वाले मार्गदर्शन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित विद्यार्थियों को साइकिलें दोबारा मिलेंगी या नहीं ।

Related Articles

Back to top button